श्रीगंगानगर में बुधवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने पूरे जिले को गर्मी और उमस से राहत दी। तेज बारिश के साथ शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। वहीं,गुरुवार सुबह से रिमझिम बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। जिससे नरमा, कपास, गवार, मूंग, बाजरा और मक्का की फसलों को नया जीवनदान मिल गया है। जिला मुख्यालय पर बुधवार को करीब आधे घंटे तक हुई जोरदार बारिश से शहर में 15 एमएम पानी बरसा। सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन ट्रैफिक प्रभावित हुआ। 25 जुलाई तक अलर्ट जारी गुरुवार सुबह करीब 3 बजे से रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जिले में आज भी येलो अलर्ट जारी किया है। 25 जुलाई तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। मौसम राडार स्टेशन, श्रीगंगानगर पर गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री और अधिकतम 36.1 डिग्री रहा, जबकि मंगलवार को न्यूनतम 30.2 डिग्री और अधिकतम 36.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। न्यूनतम तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।