उदयपुर में सूरजपोल पुलिस थाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को हनुमान चालीसा का पाठ किया। लखनऊ में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो में कलाकार के रूप में भगवान हनुमानजी के अपमान मामले ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए यह अनोखा तरीका चुना। कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के सामने आपत्ति दर्ज कराई और शिकायत दर्ज करने की मांग की। वहीं थानाधिकारी ने मामले में शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया तो विवाद बढ़ गया। पुलिस के इस रवैये से कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने थाने के अंदर ही विरोध दर्ज कराने का अनोखा तरीका चुना। थानाधिकारी रतनसिंह चौहान के कमरे के बाहर नाराज कांग्रेसी कार्यकर्ता बैठ गए। उन्होंने थाना परिसर में प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। विवाद के बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज की शहर जिलाध्यक्ष फते​हसिंह राठौड़ ने बताया- प्रशासन को सही समझ आए, इसलिए हमने थाने में बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। कांग्रेसियों के इस तेवर को देखकर थाने में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। आखिरकार कांग्रेस नेताओं के विरोध और दबाव के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा और पुलिस को मामले में शिकायत दर्ज करनी पड़ी। विरोध प्रदर्शन और हनुमान चालीसा पाठ के दौरान कांग्रेस के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे। कार्यक्रम में पंकज सुखवाल, दीपक सुखाड़िया, शंकर चंदेल, यशवंत राजोरा, चंदा सुहालका, महिमा चुग, विजय जोशी और गौरव प्रताप सिंह सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। यह खबर भी पढ़ें... लखनऊ में BJP के रोड-शो में हनुमान बनकर नाचा कलाकार:उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता ने दी शिकायत, कहा- भगवान का रूप बनाकर नचाना बिल्कुल गलत लखनऊ में BJP के एक रोड-शो में हनुमान का रूप धरे एक कलाकार के नाचने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उदयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज सुखवाल ने इसे लेकर नाराजगी जताई। (पूरी खबर पढ़ें)