सुथारवास स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का चतुर्थ वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में सुथार समाज के लोगों ने भाग लिया। समारोह की शुरुआत पाट एवं जाजम के साथ हुई, जिसके बाद चढ़ावे का कार्यक्रम आयोजित किया गया। आगामी पंचम वार्षिकोत्सव के लिए महाप्रसादी का चढ़ावा स्वर्गीय दयालाल की धर्मपत्नी लक्ष्मी देवी ने लिया। विश्वकर्मा मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण भीमा सुथार ने बताया कि इस वर्ष महाप्रसादी का आयोजन भी इसी लाभार्थी परिवार द्वारा किया गया था। चढ़ावे के कार्यक्रम के पश्चात भगवान विश्वकर्मा प्रभु की महाआरती संपन्न हुई। इसके बाद सिरोही शहर में भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों सुथार समाज बंधुओं ने अत्यंत उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा में बैंडबाजे, डीजे, रथों एवं झांकियों के साथ लोग नाचते-झूमते हुए शामिल हुए। महोत्सव के लिए भगवान विश्वकर्मा का मंदिर अत्यंत आकर्षक रूप से सजाया गया था। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा जी के दर्शन का लाभ उठाया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मण लाल भीमाराम, सचिव चम्पत लाल शिवलाल सुथार, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार, उपाध्यक्ष अचलाराम पेकाराम, सहसचिव किशोर कुमार बाबूलाल, सहकोषाध्यक्ष वीसाराम केराराम सहित रमेश, योगेश, नरेश, हजारीमल, केसाराम, थानाराम, हिम्मतराम, नारायण लाल, बाबूलाल, जेठाराम, गणेशराम, उकाराम, जवानाराम, मंसाराम सुथार, मांगीलाल, दलाराम, देवाराम, अमृतलाल, लालाराम, शांतिलाल एवं अन्य गणमान्य बंधु उपस्थित थे। कार्यक्रम का मंच संचालन मुकेश सुथार ने किया।