स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, फलोदी में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 11 में प्रवेश प्रक्रिया का द्वितीय चरण शुरू हो गया है। इसके साथ ही कक्षा 2 के लिए भी आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्रधानाचार्य देवेंद्र थानवी ने बताया- राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुसार, जिला स्तरीय प्रवेश समिति द्वारा नियमानुसार चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन मांगे गए हैं। विज्ञान संकाय में प्रवेश के लिए गणित और जीव विज्ञान विषयों में रुचि रखने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। कक्षा 10 उत्तीर्ण छात्रों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक (संबंधित विषय में 60 प्रतिशत) अनिवार्य हैं। अन्य बोर्ड से उत्तीर्ण छात्रों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक (संबंधित विषय में 65 प्रतिशत) आवश्यक होंगे। आवेदन पत्र स्कूल कार्यालय से सुबह 7:30 बजे से 11:30 बजे तक निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों की सूची निर्धारित तिथि को जारी की जाएगी और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद प्रवेश दिया जाएगा। स्कूल में अध्ययनरत छात्रों को राज्य सरकार की योजना के तहत निशुल्क पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी। प्रवेश नीति के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसके बाद शहरी क्षेत्र के छात्रों को रिक्त सीटों पर प्रवेश मिलेगा। प्रवेश प्रभारी विशंभर थानवी ने बताया कि कक्षा 2 के लिए भी ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। कक्षा 2 की संभावित रिक्त सीटों के लिए इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।