खैरथल-तिजारा जिले में घरेलू विवाद के बीच शराब के नशे में एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन समय रहते पत्नी की सतर्कता से उसकी जान बच गई। पत्नी ने शोर मचाते हुए चाकू से रस्सी काटी और परिजनों की मदद से उसे नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना खैरथल-तिजारा के टपूकड़ा थाना क्षेत्र के पंवार कॉलोनी में बुधवार रात की है। जहां किराए के मकान में रहने वाले 22 वर्षीय नीरज मेघवाल, जो ट्रक ड्राइवर है। उसने पत्नी द्वारा शराब पीने का विरोध करने पर फांसी लगाकर जान देने का प्रयास किया, लेकिन पत्नी की सूझबूझ से वह बच गया, अन्यथा थोड़ी देर और हो जाती तो उसकी जान जा सकती थी। शराब के नशे में पत्नी से करता था मारपीट पत्नी राजबाला ने बताया कि उनकी शादी करीब 11 महीने पहले किशनगढ़ बाघोर निवासी नीरज मेघवाल से हुई थी। नीरज अक्सर शराब के नशे में घर आता था और उसके साथ मारपीट करता था। बुधवार रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा, जिसको लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान नीरज ने उसके साथ मारपीट की। राजबाला के अनुसार, वह बाथरूम गई थी। जब वह वापस लौटी तो देखा कि नीरज फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। यह देख वह घबरा गई और तुरंत चाकू से रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा, जिससे उसकी जान बच गई। जांच में गले पर मिले फंदे के निशान घटना के बाद परिजन नीरज को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला हॉस्पिटल अलवर के लिए रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जांच की तो उसके गले पर फांसी के फंदे के निशान पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि राजबाला तीन महीने की गर्भवती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।