भास्कर न्यूज | बाड़मेर राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के प्रतिनिधि मंडल ने संगठन के जिलाध्यक्ष भगवानाराम जाखड़, जिला मंत्री विनोद पूनिया कशिश, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य नीलम सिंह के नेतृत्व में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा के नाम ज्ञापन दिया। राजस्थान शिक्षा संघ शेखावत के जिला मंत्री विनोद पूनिया कशिश ने बताया कि ग्रीष्मकालीन अवकाश में कटौती निरस्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। भीषण गर्मी में स्कूलों की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग भी रखी। जिला कोषाध्यक्ष जयपाल सिंह करुण ने कहा कि प्रदेश में ग्रीष्मकालीन अवकाश में 10 दिन की कटौती की गई। संस्था प्रधान के विवेकाधीन अवकाश में एक दिन की कमी की गई। इसे तर्कहीन बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए जून माह में 50 डिग्री तापमान में विद्यालय लगाना विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होगा। जिला उपाध्यक्ष भंवरसिंह रॉयल ने कहा कि अवकाश कटौती से शिक्षकों में गहरा रोष है। मानसिक रूप से असंतुष्ट शिक्षक विद्यार्थियों को पूरी ऊर्जा के साथ पढ़ा नहीं सकते। जिला संगठन मंत्री महेंद्र समोता ने पोषाहार व ट्रांसपोर्ट वाउचर का लंबे समय से बकाया भुगतान तुरंत जारी करने, सभी विद्यालयों में पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था करने, बिजली, पानी, कमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, नियमित सफाई कर्मचारी नियुक्त करने , सभी संवर्ग के लिए स्थाई स्थानांतरण नीति लागू करने,1 अप्रैल 2026 तक डीपीसी प्रक्रिया पूरी करने, नव क्रमोन्नत स्कूलों में पदों की वित्तीय स्वीकृति जारी करने व नव चयनित शारीरिक शिक्षकों के स्थायीकरण आदेश जारी करने की मांग की। सिणधरी ब्लॉक अध्यक्ष दीनदयाल सिंह ने कहा कि सरकार मांगों पर गंभीरता से विचार करे। सकारात्मक निर्णय ले। इससे शिक्षकों का मनोबल बना रहेगा। शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ न्याय होगा। उन्होंने कहा कि मांगों की अनदेखी हुई तो संगठन आंदोलन के लिए मजबूर होगा। इस दौरान जिला प्रवक्ता मनोहर लाल सियाग, गोपाल बेनीवाल, मदनलाल गुर्जर, रामकेश मीणा मौजूद रहे।