भास्कर संवाददाता | चूरू जिले में सोमवार दोपहर बाद बदले मौसम के चलते अधिकांश क्षेत्रों में आए अंधड़ व बूंदाबांदी के बाद मंगलवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को सुबह 11 बजे तक बादल छाए रहे, बाद में धूप का असर तेज होने लगा तथा छितराए बादलों के साथ शाम तक धूप-छांव का मौसम बना रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान 3.3 डिग्री की गिरावट के साथ 42.0 व न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री की गिरावट के साथ 25.9 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पूर्व सोमवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री तथा न्यूनतम 27.8 डिग्री रहा था। उल्लेखनीय है कि सोमवार को सीजन का सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया था। जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के दक्षिण-पश्चिमी भागों में हीट वेव का दौर अभी भी बना रहेगा। शेष भागों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री गिरावट होने से हीट वेव से राहत मिलने की उम्मीद है। शर्मा ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से दोपहर बाद आगामी तीन-चार दिन मेघगर्जन के साथ आंधी तथा हल्की बारिश होने की संभावना है। मई के पहले सप्ताह में भी मेघगर्जन व आंधी की संभावना है। हालांकि इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं हीट वेव की परिस्थितियां भी रह सकती हैं।