भीलवाड़ा | राज्य सरकार ने सत्र 2026-27 से शिविरा पंचांग में संशोधन करते हुए 1 अप्रैल से ही नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ कर दिया है। संशोधित कैलेंडर के अनुसार, 13 से 15 मई के बीच छात्रों का पहला टेस्ट होना है। इस टेस्ट के चक्कर में 9वीं से 12वीं के बच्चों की अग्निपरीक्षा ली जा रही है। प्री-प्राइमरी से कक्षा 8वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों का समय तो 27 अप्रैल से सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक कर दिया है। लेकिन 9वीं से 12वीं के बच्चों के स्कूल के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वे इस प्रचंड गर्मी में दोपहर बाद ही घर जा रहे हैं। अभिभावकों का सवाल है क्या बड़े बच्चों को गर्मी नहीं लगती? यह सवाल तब और गहरा गया जब माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने गर्मी के असर को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियों के अधिकार कलेक्टर को दे दिए। 16 मई से पहले गर्मी के असर को देखते हुए कलेक्टर सीधे छुट्टी कर सकेंगे। मंगरोप में स्कूल की छुट्‌टी होने के बाद गर्मी से बचाव करती बालिकाएं। ^प्रदेश भर में केवल आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ही समय में बदलाव किया है। हालांकि, कक्षा 9 से 12 वीं के बच्चे भी छोटे ही है। इस संबंध में आगे से कोई दिशा निर्देश आएंगे तो विचार किया जाएगा। -अरुणा गारू, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी