भास्कर न्यूज | बाड़मेर शहर में आगजनी की घटनाओं पर काबू पाने और लोगों की जान बचाने वाले दमकलकर्मी उपकरणों के अभाव में जान जोखिम में डालने को मजबूर है। नगर परिषद की अग्निशमन शाखा के पास आधुनिक सूट और उपकरण होने के बावजूद इसे नहीं दिए जा रहे है। 8.49 लाख रुपए से खरीदें गए उपकरण कलेक्ट्रेट के स्टोर में धूल फांक रहे हैं। इनमें दमकल कर्मियों को आग से बचाने वाले 3.49 लाख रुपए के सेफ्टी सूट के अलावा बड़े क्षेत्र में फैली आग का जायजा लेने के लिए 5 लाख रुपए का ड्रोन शामिल हैं। इन उपकरणों का उद्देश्य आग बुझाते समय फायरमैन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और ड्रोन के जरिए घटना स्थल की सटीक निगरानी करना था। लेकिन ये महत्वपूर्ण उपकरण पिछले 7 साल से कलेक्ट्रेट परिसर स्थित स्टोर में बंद पड़े हैं। फील्ड में तैनात फायरमैन के पास सुरक्षा के आधुनिक संसाधनों का अभाव है, जबकि उन्हें सुरक्षित रखने वाले उपकरण स्टोर में रखे डिब्बों में बंद होकर धूल फांक रहे हैं।सुरक्षा उपकरणों के अलावा राजस्थान सरकार ने बजट के दौरान शहर की ऊंची इमारतों को ध्यान में रखते हुए 5 करोड़ रुपए की लागत से 60 मीटर ऊंचे हाइड्रोलिक प्लेटफार्म की घोषणा की थी। इस मशीन के आने से बहुमंजिला इमारतों में लगने वाली आग पर आसानी से काबू पाया जा सकता था, लेकिन घोषणा के लंबा समय बीत जाने के बाद भी विभाग को यह हाइड्रोलिक प्लेटफार्म अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। > 4 दमकल गाड़ियां (एक खराब ) > 21 फायरमैन और 2 टिंडल > 10 किमी दायरा (बढ़कर पूरा जिला) > 5 करोड़ हाइड्रोलिक प्लेटफार्म (लंबित) > विभाग का मुख्य कार्यक्षेत्र शहर का 10 किलोमीटर का दायरा है, ^अग्निशमन विभाग के लिए वर्ष 2018 में फायर सेफ्टी शूट आए थे और लगभग उसी समय में ड्रोन भी आया था। ताकि आगजनी की घटना स्थल का पूर्ण जायजा लिया जा सके। लेकिन दमकलकर्मियों को न तो सेफ्टी सूट मिले हैं और न ही ड्रोन। - ओमप्रकाश गोंसाई, सहायक अग्निशमन अधिकारी, अग्निशमन विभाग बाड़मेर अग्निशमन विभाग के पास कुल 4 दमकल गाड़ियां उपलब्ध है, जिनमें से 1 गाड़ी खराब खड़ी है। तकनीकी खराबी के कारण ये दमकल वाहन आपात स्थिति में उपयोग के काबिल नहीं है। विभाग का मुख्य कार्यक्षेत्र शहर का 10 किलोमीटर का दायरा है, लेकिन हाल ही में सिविल डिफेंस की दमकल खराब होने की वजह से अब पूरे जिले में आगजनी की सूचना पर इन्हीं दमकलों को भेजा जा रहा हैं। सीमित संसाधनों और खराब गाड़ियों के बीच 21 फायरमैन और 2 टिंडल अपनी सेवाएं दे रहे हैं।