श्रीगंगानगर| मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 का आयोजन 3 मई को जिले के 5 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। इसमें 2128 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा में धांधली और नकल पर रोक लगाने के लिए कड़े प्रशासनिक प्रबंध किए जा रहे हैं। इस बार भी परीक्षा का संपूर्ण नियंत्रण सरकारी तंत्र के हाथों में रहेगा। इससे पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सकेगी। परीक्षा केंद्रों की जिम्मेदारी प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग के हाथों में रहेगी। इस बार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे को प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश और भीड़ जुटाना वर्जित रहेगा। इस दौरान भीषण गर्मी में अभ्यर्थियों को लाइन में लगकर सुरक्षा जांच की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। वहीं, धार्मिक प्रतीकों, चिन्हों को धारण करने वाले स्टूडेंट्स को जांच के लिए समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा। इस परीक्षा का जिले में आयोजन एक उच्च स्तरीय समिति की ओर से किया जाएगा। इसमें प्रशासन, पुलिस तथा शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों और परीक्षा विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। बता दें कि इस समिति की ओर से परीक्षा केंद्रों की ऑडिट के बाद ही एनटीए ने केंद्र निर्धारित किए हैं। सरकारी स्कूल-कॉलेजों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के दिन फोटोस्टेट और साइबर कैफे की दुकानें भी बंद रहेंगी। बता दें कि यह परीक्षा देशभर के 552 और 14 विदेशी शहरों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रवेश-पत्र भी एनटीए ने जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा एमबीबीएस, डेंटल, यूनानी, होम्योपैथिक, वेटनरी, आयुर्वेद व नर्सिंग की मिलाकर करीब 2.4 लाख से ज्यादा सीटों के लिए होती है। इस ड्रेस कोड का पालन करना जरूरी : विद्यार्थियों को सिर्फ आधी आस्तीन यानी हाफ स्लीव के हल्के कपड़े पहनने की अनुमति है। बड़े बटन, कढ़ाई या भारी डिजाइन वाले कपड़े पहनकर न जाएं। जूतों पर सख्त पाबंदी है। सिर्फ चप्पल या सैंडल (कम हील वाली) ही पहनें। सेंटर पर घड़ी, मोबाइल, ब्लूटूथ या कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर जाना अनुमत नहीं है। ईयरर‍िंग्स, अंगूठी, चेन या किसी भी तरह के गहने पहनने पर पाबंदी रहेगी। परीक्षा के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व प्रमुख चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। 720 अंकों के इस पेपर में कुल 180 सवाल पूछे जाएंगे: नीट यूजी-2026 के प्रवेश पत्र neet.nta.nic.in पर उपलब्ध हैं। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, मूल पहचान-पत्र और फोटो के साथ केंद्र पर 11 बजे रिपोर्ट करना होगा। दोपहर 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे। 720 अंकों के इस पेपर में कुल 180 सवाल पूछे जाएंगे। इसमें भौतिकी व रसायन के 45-45 तथा जीव विज्ञान के 90 प्रश्न शामिल रहेंगे। अधिकतर केंद्रों पर एसी या कूलर नहीं होंगे। -भूपेश शर्मा, जिला समन्वयक, परीक्षा प्रकोष्ठ, श्रीगंगानगर