श्रीगंगानगर| चौ. बल्लूराम गोदारा राजकीय कन्या महाविद्यालय की छात्राओं को प्राचार्य प्रो. पूनम सेतिया के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘अपना घर आश्रम’ का शैक्षिक व संवेदनात्मक भ्रमण करवाया गया। आश्रम के सेक्रेटरी जागीरचंद फरमा ने बताया कि यह संस्था मां माधुरी बृज वारिस सेवा सदन (अपना घर), भरतपुर से संबद्ध है। यहां करीब 200 लावारिस व असहाय प्रभुजन निवास करते हैं। उन्होंने संस्था की स्थापना, उद्देश्य, कार्यप्रणाली की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान आश्रम मैनेजर आलोक वाजपेयी ने छात्राओं को वहां की व्यवस्थाओं व प्रभुजनों की दिनचर्या से अवगत कराया। इस अवसर पर आश्रम से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। इसमें संस्थापक डॉ. बी.एम. भारद्वाज व डॉ. माधुरी भारद्वाज की मानवीय पहल को दर्शाया गया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. मोनिका कटारिया व संतोष परिहार के निर्देशन में छात्राओं ने प्रभुजनों को भोजन परोसकर सेवा कार्य में भाग लिया। उन्होंने उनके जीवन अनुभवों को जाना। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में सेवा, करुणा, सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।