मरुधरा के मौसम में इन दिनों विरोधाभासी स्थितियां देखने को मिल रही हैं। एक ओर जहां ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि और शहर में हुई हल्की बूंदाबांदी ने ठंडक का अहसास कराया। वहीं, दूसरी ओर तीखी गर्मी अब भी परेशान कर रही है। मौसम विभाग और वर्तमान आंकड़ों की मानें तो बीकानेर में गर्मी का टॉर्चर अभी कुछ दिन और जारी रहने वाला है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री रहा। पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो रात के तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मंगलवार को यह गिरकर 26.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। 1.6 डिग्री की यह गिरावट अधिक राहत नहीं दे पाई क्योंकि हवा में मौजूद नमी और दिन भर की तपिश के कारण रात के समय भी उमस का असर बना रहा। मंगलवार सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ रहा। सुबह 8 बजे से ही धूप के तेवर इतने तीखे थे कि सड़कों पर आवाजाही कम नजर आने लगी। बीकानेर में फिलहाल भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा। आगामी एक मई तक तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर रहने के आसार हैं। नापासर में रात 11.15 बजे तेज हवा के साथ आधे घंटे बारिश हुई। 2 मई के बाद 4 डिग्री की बड़ी गिरावट की उम्मीद बीकानेरवासियों के लिए राहत की खबर मई के दूसरे दिन से जुड़ रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 मई को वायुमंडल के ऊपरी दबाव और नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में अचानक 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट देखी जा सकती है। यदि ऐसा होता है तो पारा 40 डिग्री के आसपास आ जाएगा जो पिछले कई दिनों की भीषण गर्मी के मुकाबले बड़ी राहत होगी।