भास्कर न्यूज| अलवर 21 लाख रुपए के प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश के आरोप में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने का मामला दर्ज किया है। कार्रवाई पीड़ित लज्जाराम मीणा की ओर से इस्तगासे के जरिए दी गई शिकायत पर की गई। पुलिस के अनुसार लज्जाराम मीणा ने बताया कि 14 सितंबर 2014 को उन्होंने भाखेड़ा स्थित खसरा नंबर 382 में 750.88 वर्गगज का प्लॉट चेतराम मीणा से एग्रीमेंट के जरिए खरीदा था। बाद में एग्रीमेंट का पंजीयन भी कराया गया। शिकायत में कहा गया है कि तभी से प्लॉट पर उनका कब्जा है। आरोप है कि चेतराम मीणा के निधन के बाद जमीन का विरासत इंतकाल उसके वारिसों के नाम दर्ज हो गया। इसी दौरान पीड़ित के कार्यालय में आने-जाने वाला परिचित रामोतार यादव ने कार्यालय में रखा प्लॉट का मूल एग्रीमेंट चोरी कर लिया। पीड़ित का आरोप है कि रामोतार यादव ने 25 मार्च 2022 को उसी एग्रीमेंट के आधार पर अपने नाम फर्जी एग्रीमेंट तैयार कराया। दस्तावेज पर पीड़ित के फर्जी हस्ताक्षर किए गए और पुरानी फोटो चस्पा की गई। शिकायत के मुताबिक दस्तावेज का नोटरी सत्यापन एमके शर्मा से कराया गया और पहचान अजीत मीणा से करवाई गई। पुलिस ने फर्जी एग्रीमेंट और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है।