आधे मार्च से शुरू हुआ आंधी-बारिश का दौर करीब 25 दिन तक बना रहा। इससे तापमान 40 डिग्री से बाहर नहीं पहुंचा, लेकिन अब अगले सप्ताह से गर्मी अपना असर दिखाएगी और पारा 41 डिग्री से पार पहुंचने की संभावना है। इस माह 20 अप्रैल तक पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। ऐसे में भीषण गर्मी का दौर शुरू होगा। बुधवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा। दोपहर में तेज धूप की वजह से गर्मी का एहसास हुआ। अधिकतम पारा 35.2 और न्यूनतम 23.0 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में पिछले 20-25 दिनों से उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई थी। अब अचानक तापमान बढ़ने लगा है। पिछले कई दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के कारण कभी आंधी तो कभी बारिश का दौर चला था। आगे क्या- मौसम साफ रहने से गर्मी बढ़ेगी, हल्की हवाएं भी चलेगी मौसम विभाग ने अब मौसम साफ रहने के साथ ही गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। हालांकि कुछ दिन बाद हल्की आंधी भी चलने की संभावना है, लेकिन आने वाले दिन भीषण गर्मी के रहेंगे। तापमान अस्थिर बना रहा। न्यूनतम पारा 19 डिग्री तक पहुंच गया था। अब तापमान में बुधवार को एक डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। तापमान बढ़ने से गर्मी भी तेज होने की संभावना है।