कस्बे के गुजर रहे एनएच-27 की सर्विस रोड की सड़क उखड़ कर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर बने गड्ढों और उखड़े डामर के कारण वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरने से हादसे की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग आसपास के ग्रामीणों और रोजाना आने-जाने वाले वाहनों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलने का जोखिम उठाकर गुजरने को मजबूर हैं, जबकि छोटे वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।