श्याम नगर थाना क्षेत्र में मेट्रो पिलर नंबर-1 के सामने स्थित एक होटल में शनिवार रात खाना खाने आए कुछ युवक पहले बिल चुकाकर चले गए। इसी दौरान वहां पर कुछ युवकों से विवाद हो गया। कुछ देर बाद वे बदमाशों को गाड़ियों में भरकर लौटे और होटल में मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट की। कैश काउंटर से 30 हजार लेकर फरार हो गए। जाते समय सड़क पर खड़े कई वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए। श्याम नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने वाले रवि ने बताया कि वह दोस्त जितेंद्र और अन्य के साथ खाना खाने आया था। बाहर निकलते समय कुछ युवकों से विवाद हो गया। फर्नीचर, कांच व अन्य सामान तोड़ा, ग्राहक बाहर भागे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10:55 बजे करीब आधा दर्जन युवक लाठी-डंडों और अन्य हथियारों के साथ होटल में घुस आए। उन्होंने रवि, जितेंद्र और उनके साथियों के साथ मारपीट की। अचानक हुए हमले से होटल में भगदड़ मच गई और ग्राहक जान बचाकर बाहर भागने लगे। हमलावरों ने फर्नीचर, कांच और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। भागते समय सड़क पर खड़े वाहनों को बनाया निशाना होटल से निकलते समय बदमाशों ने बाहर सड़क पर खड़े कई वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। होटल के बाहर अफरा-तफरी का माहौल रहा और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। सीसीटीवी से पहचान करने में जुटी पुलिस होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। श्याम नगर थाना पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द पकड़ लेंगे।