बांसवाड़ा में रात को हुई तेज बारिश और बिजली गिरने से रातभर लाइट गुल रही। ऐसे में लोगों को पानी की समस्या का सामना भी करना पड़ा। बिजली विभाग SE भगवानदास बैरवा ने बताया कि सोमवार रात करीब 8 बजे के बाद अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ बिजली गिरी। बिजली गिरने की वजह से ठिकरिया जीएसएस की 33 केवी मुख्य विद्युत लाइन में बड़ा फॉल्ट आ गया। इसके कारण लाइन के इंसुलेटर और तार उतर गए, जिससे शहर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई। इसके अलावा शहर के कई अन्य ट्रांसफॉर्मर भी बिजली की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ​रातभर डटी रही टीम बैरवा ने बताया कि बिजली गिरने की वजह से कई चीनी (पॉर्सलेन) के इंसुलेटर कमजोर हो गए थे, जिसके कारण जैसे ही लाइट चालू की जाती, वे एक-एक करके डैमेज होते रहे। विभाग की टीम सोमवार देर रात से ही लगातार फॉल्ट ढूंढने और मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। रात 2:30 बजे तक और फिर सुबह से ही टीमें फील्ड में काम कर रही हैं। ठिकरिया लाइन को भी जल्द ही होल्ड कर लिया गया और मरम्मत कार्य पूरा होते ही शहर में बिजली बहाल कर दी गई।