जैसलमेर में पेपर लीक आशंका के मामले में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाए थे। रविवार को भाजपा संगठन ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पलटवार किया। प्रदेश मंत्री आईदानसिंह भाटी ने विपक्ष के सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह कोई पेपर लीक नहीं, बल्कि सीधे तौर पर नकल का मामला है। जिस पर भाजपा सरकार पूरी तरह से निष्पक्ष है। जिसके कारण ही आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई। भाजपा प्रदेश मंत्री आईदानसिंह भाटी ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं के भविष्य को लेकर और परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने के लिए बेहद गंभीर व सजग है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। परीक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने की कोशिश करने वाले आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। भाटी ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कानून के तहत इतनी सख्त कार्रवाई की जाएगी कि भविष्य में कोई ऐसा करने की हिम्मत न कर सके। भाटी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी के पिछले पांच साल के कार्यकाल में रिकॉर्ड 19 पेपर लीक हुए और लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेल दिया गया, वे आज किस मुंह से आरोप लगा रहे हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए आमजन को बरगलाने का काम कर रही है, लेकिन जनता हकीकत से अच्छी तरह वाकिफ है। भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस के नेता उन गंभीर मामलों पर पूरी तरह चुप्पी साध लेते हैं जब देशद्रोही गतिविधियों में शामिल पीए पकड़े जाते हैं, लेकिन इस संवेदनशील मामले पर केवल राजनीति चमकाने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं।