भरतपुर| शराब के नशे में थार गाड़ी पर अवैध रूप से पुलिस सायरन और लाल-नीली फ्लैश लाइट लगाकर खतरनाक स्टंट करना तीन युवकों को महंगा पड़ गया। मथुरागेट थाना पुलिस ने देर रात सारस चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट की थार को पकड़कर तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने थार, उसमें लगा अवैध पुलिस सायरन और लाल-नीली फ्लैश लाइट भी जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर शहर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत शुक्रवार रात थाना प्रभारी हरलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान सूचना मिली कि कुछ युवक पुलिस सायरन बजाते हुए और पुलिस जैसी लाल-नीली लाइट का इस्तेमाल कर तेज रफ्तार में थार से स्टंट करते हुए शहर में घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने सारस चौराहे पर नाकाबंदी कर थार को रुकवाया। जांच में सामने आया कि वाहन के आगे नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि पीछे यूपी-80 एचवी-5553 नंबर लिखा हुआ था। थार के शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी और उसमें अवैध रूप से पुलिस सायरन व लाल-नीली फ्लैश लाइट लगी मिली। पुलिस ने जब तीनों युवकों से पूछताछ की तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।