झुंझुनूं | हवा के साथ बादलों का दबाव रहने से रविवार को भी जिले के मौसम में बदलाव हुआ। सुबह से ही धूप-छांव की स्थिति बनी रही। धूप में तेजी रहने से अधिकतम तापमान में मामूली 0.8 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। इससे पहले शनिवार रात को हवा के दबाव से न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट हुई। पिलानी मौसम केंद्र पर रविवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री व न्यूनतम 18.2 डिग्री था। मौसम में बदलाव से जिले में आज से दो दिन तक बादलों का दबाव बढ़ेगा। विभाग ने झुंझुनूं सहित प्रदेश के कई जिलों में 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने व गर्जना के साथ बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी कर रखा है।