दीपावली पर्व के मौके पर लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टोड़ारायसिंह में मिठाइयों की दुकानों को चेक कर मिठाइयों के नमूने लिए। टीम ने टीम ने लिए मावा, मावा बर्फी,मिल्क केक आदि खाद्य सामग्री के नमूने लिए । यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” के तहत की गई। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मदन लाल गुर्जर , राजवीर सिंह चरण एवं आराधना शर्मा द्वारा टोडारायसिंह क्षेत्र में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। कार्रवाई के दौरान छान रोड स्थित श्री जोधपुर मिष्ठान भंडार से मिल्क केक का नमूना लिया गया। इसी प्रकार बीकानेर मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी एवं मावा तथा विशाल मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। इस प्रकार कुल पांच खाद्य नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. मदन लाल गुर्जर ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नमूने लेकर प्रयोगशाला में जांच करवाई जा रही है। खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शैलेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि त्योहारी सीजन में आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिलावटी एवं अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।