टोंक जिले के नगरफोर्ट तहसील क्षेत्र के रतनपुरा में रविवार को हुए धाकड़ समाज के सामूहिक विवाह में करीब 15 मिनट तक तेज बारिश के साथ आए तेज अंधड़ ने तबाही मचा दी। टेंट फटकर काफी दूर तक उड़ गए। डेकोरेशन और वीडियो शूट के लिए लगाए गए समान भी टूट गए। बड़ी एलईडी टूट गई। भोजन सामग्री खराब हो गई। तेज अंधड़ और बारिश से बचने के लिए दूल्हा-दुल्हन समेत विवाह सम्मेलन में आए घराती और बाराती भी दौड़कर जान बचाई। हालांकि इसके बाद भी दो महिलाएं टेंट गिरने से घायल हो गई। उनका पास के अस्पताल में प्राथमिक इलाज कराया है। आयोजकों का कहना है कि बारिश और अंधड़ के कारण बीस लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। दरअसल, घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। इस अव्यवस्था के चलते धाकड़ समाज का विवाह समारोह भी प्रभावित हुआ है। दिन में ही संपन्न होने वाला यह विवाह सम्मेलन देर रात को संपन्न हो पाया। दिन में अव्यवस्था होने से विवाह की रस्में भी देर शाम को हो पाई थी। ऐसे में इस समारोह के गेस्ट ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, सांसद हरीश चंद्र मीना, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया आदि भी देर शाम को पहुंचे थे। पूर्व प्रधान बोले- यह तबाही, एक-दूसरे का सहयोग करे अव्यवस्था के कारण आयोजन से जुड़े बूंदी जिले के नैनवां के पूर्व प्रधान पदम नागर ने भी लोगों से माफी मांगते हुए इस प्राकृतिक आपदा में एक दूसरे को सहयोग करने की बात कही हैं, जिससे किसी को ज्यादा नुकसान नहीं उठाना पड़े। नागर ने बताया कि इस अंधड़ से इस सामूहिक विवाह सम्मेलन में बीस लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। यह अंधड़ रविवार दोपहर दो बजे आया था। उसकी गति कम होने से उससे नुकसान नहीं हुआ,लेकिन तीन बजे बाद फिर तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। करीब 15 मिनट अंधड़ और बारिश ने पूरे विवाह सम्मेलन की व्यवस्थाओं को तहस नहस कर दिया। अंधड़ इतना तेज था कि लोगों ने पांडाल के नीचे से भागकर जान बचाई।