टोंक में बुधवार रात मौसम बिगड़ गया। रात करीब 9 बजे से आधी रात तक जिला मुख्यालय समेत कई जगह तेज तो कभी हल्का अंधड़ चलाख् जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। खासकर शादी ब्याह वाले परिवारों में व्यवस्थाएं कई घंटों तक प्रभावित रहीं। हालांकि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। अंधड़ देख खाना छोड़कर सुरक्षित जगह पहुंचे बुधवार आधी रात तक अलग–अलग जगहों पर तेज और मध्यम अंधड़ के चलते शादी समारोह वाले घरों में व्यवस्थाएं बिगड़ गईं। कुछ जगह शामियाने और टैंट फट गए। वहीं धूल–मिट्‌टी से कई जगह शादी में बना खाना खराब हो गया। लोग तेज अंधड़ देखकर खाना छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर भागे। रात में 6-7 बार गई लाइट अंधड़ से बीती रात अधिकांश जगह बिजली गुल रही। अकेले जिला मुख्यालय पर ही रात भर 6-7 बार लाइट गई। गर्मी और उमस से छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार बार–बार लाइट जाने से काफी परेशान हुए। रात करीब 11 बजे अंधड़ थमने पर लोगों ने राहत की सांस ली। कुछ छोटे गांवों में तो अंधड़ के चलते आधी रात के बाद लाइट आई। 24 घंटे में 2 डिग्री गिरा अधिकतम तापमान बुधवार रात आए अंधड़ का असर गुरुवार सुबह भी देखने को मिला। सुबह से ही सुहावनी हवा चलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। इससे अधिकतम तापमान भी 24 घंटे में ही 2 डिग्री सेल्सियस गिरकर 40 डिग्री सेल्सियस तक बने रहने की संभावना है। बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 घंटे मे एक डिग्री सेल्सियस गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।