टोंक शहर के सरकारी स्कूल में आग जैसे हादसों से बचने के लिए गुरुवार को मॉक ड्रिल की गई। मॉक ड्रिल में जैसे ही आग लगने की सूचलना मिली छात्राएं दौड़कर बाहर पहुंची। वहीं 15 मिनट में फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। दरअसल, शहर डाइट रोड स्थित पन्नाधाय राजकीय बालिका आवासीय विद्यालय में ये मॉक ड्रिल हुई थी। टोंक एसडीएम हुकमीचंद रोहलानिया, तहसीलदार भगवती प्रसाद जैन, फायर ऑफिसर शैतान सिंह ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान विद्यालय में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए विभिन्न विभागों के रिस्पॉन्स टाइम को भी देखा गया। मॉक ड्रिल में बताया कैसे ऐसे हादसों से बचा जाए मॉक ड्रिल के दौरान सभी संबंधित विभागों ने रिस्पॉन्स टाइम और कॉर्डिनेशन को बताया। एसडीओ रोलानिया ने बताया कि आग लगने में तीन घायलों को सआदत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा की इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य यह जांचना था कि आपदा की स्थिति में विभिन्न विभाग कितने सजग और तैयार हैं। आग लगने की सूचना पर करीब 15 मिनट में दमकल मौके पर पहुंच गई थी। अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी सूचना पाकर संतोषजनक समय ओर पहुंच गए थे।