टोंक जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार को आसमान में धूल के गुबार छाए रहे और सुबह से ही रुक-रुक कर कभी तेज तो कभी मध्यम गति की हवा चलती रही। इससे लोगों को गर्मी और तेज धूप से कुछ राहत मिली है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते आज अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं और यह 40 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीं न्यूनतम तापमान पिछले दो दिनों से 26 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हवा के साथ धूल से बढ़ी परेशानी सुबह से मौसम भले ही सुहावना बना हुआ है, लेकिन तेज हवा के साथ उड़ते धूल के गुबार ने दुपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दो दिन बाद बदला मौसम गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से तेज गर्मी और चटक धूप के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। लेकिन आज सुबह से ही मौसम बदल गया और हवा चलने से गर्मी का असर कम महसूस किया गया। रात में मध्य रात्रि के बाद से ही हवा चलने लगी थी, जिसके चलते कई लोग छतों पर सोते भी नजर आए।