कोटा में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा- आज के दौर में पैकेज का बहुत महत्व है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी जीवन में देश के लिए योगदान देना है। ट्रिपल आईटी कोटा के दीक्षांत समारोह में शुक्रवार को लोकसभाध्यक्ष बिरला ने कहा- मुझे खुशी है कि इस संस्थान के छात्रों के कठिन परिश्रम की बदौलत आज यहां 95 प्रतिशत से ज्यादा प्लेसमेंट हो रहे हैं। साथ ही छात्रों को बड़े पैकेज मिल रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान 203 सफल विद्यार्थियों को डिग्रियां दी गईं। समारोह में मुख्य अतिथि ओम बिरला ने कहा- ट्रिपल आईटी संस्थान आज की आधुनिक वैश्विक जरूरतों के अनुसार अपने पाठ्यक्रम की योजना बना रहा है। आने वाले समय में यह देश का एक प्रमुख संस्थान बन सके। इसके लिए दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के साथ उच्चस्तरीय बैठक हो चुकी है। इसका पूरा रोडमैप भी तैयार कर लिया गया है। एआई तकनीक में छात्रों का शानदार काम ओम बिरला ने संस्थान के विद्यार्थियों की तारीफ करते हुए कहा- यहां के स्टूडेंट्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के क्षेत्र में बेहतरीन काम किया है। संस्थान के विस्तार को लेकर उन्होंने बताया- फिलहाल यहां 1,100 छात्रों की क्षमता है, लेकिन आने वाले समय में पहले इसे 5 हजार और फिर 25 हजार की क्षमता वाले विशाल कैंपस में बदलने का लक्ष्य रखा गया है। वास्तविक जीवन की शुरुआत, माता-पिता और प्रोफेसर्स का आभार दीक्षांत समारोह को छात्रों की जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण दिन बताते हुए ओम बिरला ने कहा- अभी तक का समय केवल शिक्षा, प्रशिक्षण और ज्ञान लेने का था, लेकिन अब आपके वास्तविक जीवन की शुरुआत हो रही है। अब समय आ गया है कि आपने यहां से जो कुछ भी सीखा है, उसे देश की तरक्की में लगाएं। उन्होंने छात्रों के माता-पिता का धन्यवाद किया, जिन्होंने बच्चों को बेहतरीन मार्गदर्शन और माहौल दिया। साथ ही उन्होंने प्रोफेसर्स का भी आभार जताया कि जिन्होंने अपना पूरा ज्ञान छात्रों को सौंप दिया, ताकि वे देश-दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा सकें। तकनीक और अंतरिक्ष में भारत का डंका ओम बिरला ने युवाओं को कहा- आज दुनिया के अंदर तकनीकी, विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत का नौजवान लगातार नए इनोवेशन और रिसर्च के जरिए मजबूत पहचान बना रहा है। ट्रिपल आईटी कोटा के छात्र भी इसी दिशा में आगे बढ़कर देश का नाम रोशन करेंगे।