राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना की हाल ही जारी लॉटरी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। श्री राम सेना मेवाड़ ने मंगलवार को उदयपुर में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी और जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की। सेना के संस्थापक उमेश नागदा के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने देवस्थान विभाग के प्रमुख शासन सचिव के नाम ज्ञापन दिया। इसमें कहा कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर, मध्यमवर्गीय और जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क तीर्थ यात्रा का अवसर देना है। उन्होंने कहा- हाल ही लॉटरी के बाद जारी चयन सूची में बड़ी संख्या में ऐसे लोगों के नाम शामिल है, जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं। वे खुद अपने खर्च पर यात्रा करने में समर्थ हैं। इससे योजना की पारदर्शिता और उद्देश्य पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सभी आवेदन पत्रों के जांच की मांग ज्ञापन में मांग की गई कि चयनित सभी आवेदकों के आवेदन पत्रों और दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही उनकी आय, आर्थिक स्थिति और पात्रता का नियमों के अनुसार सत्यापन किया जाए। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता पक्षपात या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि अपात्र व्यक्तियों का चयन निरस्त कर वास्तविक पात्र, आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय वरिष्ठ नागरिकों को योजना का लाभ दिया जाए। भविष्य में चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सत्यापन आधारित बनाया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंदों तक ही पहुंचे। आयकरदाता और आर्थिक रूप से सक्षम लोगों के नाम शामिल का आरोप उमेश नागदा ने आरोप लगाया कि लॉटरी सूची में आयकरदाता और आर्थिक रूप से सक्षम लोगों के नाम शामिल किए गए हैं। वहीं कई ऐसे वरिष्ठ नागरिक हैं, जो पिछले तीन-चार वर्षों से लगातार आवेदन कर रहे हैं, लेकिन उनका चयन नहीं हो पाया। उन्होंने ऐसे आवेदकों को प्राथमिकता देने और वर्तमान लॉटरी प्रक्रिया पर रोक लगाकर निष्पक्ष चयन कराने की मांग की। उन्होंने बताया- इस संबंध में कलेक्ट्रेट में मौजूद उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा को भी स्थिति से अवगत कराया गया। इस दौरान जिला प्रभारी चौसर माली, जिला महामंत्री दीपक सिंह चौहान, मनीष खंडेलवाल, मानसिंह मोजवत, भंवरलाल डांगी, कमल पालीवाल, किशोर शर्मा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।