उदयपुर के हिरणमगरी क्षेत्र में रविवार रात एक खाली प्लॉट में आग लगने से आस-पास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग सेक्टर-3 स्थित विवेकनगर, एसेंट चौराहा के पास लगी। घटना स्थल के पास आबादी क्षेत्र होने के साथ ही विद्युत निगम का ट्रांसफार्मर भी था, जिससे बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार रात करीब 9:25 बजे वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार दंपति की नजर खाली प्लॉट में धधक रही आग पर पड़ी। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इधर, लोगों की सूचना पर विद्युत निगम के कर्मचारियों को बुलाया गया। एहतियात के तौर पर ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति तुरंत बंद कर दी गई, जिससे किसी बड़े हादसे की संभावना टल गई। इसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। पुलिस भी मौके पर पहुंची। जानकारी के अनुसार आग खाली प्लॉट में पड़े कचरे में लगी थी। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस प्लॉट में पहले भी कचरे में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दिए जाने और दमकल की कार्रवाई से आग ट्रांसफार्मर और आस-पास की आबादी तक नहीं फैल सकी, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।