उदयपुर के लोयरा गांव में आज सुबह करीब 11 बजे एक फर्नीचर फैक्ट्री में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग फैक्ट्री के पिछले हिस्से में रखे वेस्ट मटेरियल में लगी थी। सूचना मिलते ही नगर निगम की फायर ब्रिगेड और बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आग को बुझाने के लिए फायरबिग्रेड की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब डेढ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और धुएं का गुबार करीब 2 से 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। यह फैक्ट्री उदयपुर शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर है। फैक्ट्री के आस-पास कोई आबादी नहीं है, करीब 1 किलोमीटर दूर कुछएक घर हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि फैक्ट्री के बाहर श्रुति सिंथेटिक फैक्ट्री का बोर्ड लगा हुआ है, लेकिन पिछले कुछ समय से यहां फर्नीचर फैक्ट्री चल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह अचानक फैक्ट्री के अंदर से निकल रहे बिजली के पोल में ब्लास्ट हुआ था। इसके बाद फैक्ट्री के पिछले हिस्से में पड़े वेस्ट मटेरियल ने आग पकड़ ली थी, आग इतनी भयानक थी कि पिछले डेढ़ घंटे से इस पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है कहीं फर्नीचर तक ना फैले। दमकल और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद हैं। नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) बाबूलाल चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग मुख्य फैक्ट्री क्षेत्र तक नहीं पहुंची और समय रहते उसे कंट्रोल कर लिया गया। उन्होंने बताया कि फोम और पॉलिथीन सामग्री में आग लगने के कारण धुआं ज्यादा फैला था। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फैक्ट्री मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट के बाद हुआ ब्लास्ट बताया जा रहा है। देखिए आग लगने के फोटोज्…