उदयपुर में गर्मी से लोगों को हल्की राहत मिली है। पिछले दो दिन के तापमान में कमी हुई है, लेकिन दिन में गर्मी तेज रही। उदयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री दर्ज हुआ, जो सोमवार की तुलना में 2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है। इधर, जिले में तेज गर्मी तथा मौसम विभाग की चेतावनी देखते हुए जिले की सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा नर्सरी से 8वीं तक के स्टूडेंट्स का समय बदल दिया गया है। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया- 29 अप्रेल से 15 मई तक स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से सुबह 11:30 बजे तक किया गया है। क्लास 9 से 12वीं तक स्टूडेंट्स का समय वही रहेगा। यह आदेश उदयपुर जिले के सभी सरकारी, निजी स्कूला पर तत्काल प्रभाव से लागू होगा। आंगनबाडी का भी समय बदला इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 से 15 मई 2026 तक आंगनबाडी केन्द्रों का संचालन प्रातः 07ः30 बजे से 10ः30 बजे तक किया जाएगा। यह आदेश केवल बच्चों के लिए लागू रहेगा। वहीं उदयपुर में चिलचिलाती धूप के चलते दिन में 12 बजे के बाद सड़कों पर लोग कम निकल रहे हैं। ओल्ड सिटी के जगदीश मार्ग, सिटी पैलेस मार्ग, गणगौर घाट मार्ग से लेकर घंटाघर की तरफ टूरिस्ट की आवाजाही दिन के समय नहीं के बराबर रही। जगदीश मंदिर में भगवान के दर्शन करने जरूर भक्त 1 बजे तक आए। इसके बाद सड़कों पर आवाजाही कम हो गई। शहर में दिन में आग लगनी की घटनाएं बढ़ीं गर्मी के चलते वन क्षेत्रों में लगातार आग लगने की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। गोवर्धन सागर तालाब के पीछे बलीचा पहाड़ी पर सोमवार देर शाम भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब 15 हेक्टेयर वन क्षेत्र को खाक कर दिया। भगवान को कराया नौका विहार गर्मी के असर को देखते हुए ऋतु के अनुसार भगवान को नौका विहार कराया गया। इस्कॉन जगन्नाथ मंदि की ओर से उदयपुर के गंगू कुंड सरोवर में राधा-माधव भगवान को नौका विहार कराया गया। इस दौरान भक्तों की भीड़ रही। हल्की बारिश होने की संभावना गुरु नानक स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय उदयपुर के सहायक आचार्य भूगोल डॉ. आर. एस. देवड़ा ने बताया- आने वाले तीन दिन तक उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में पक्षिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाए रहेंगे। साथ ही हल्की बारिश होने की संभावना है। मेवाड़ सहित दक्षिणी राजस्थान में अगले तीन दिन तक हिट वेव की स्थिति बनी रहेगी। साथ ही अरब सागरीय नमी के कारण हल्के बादल छाए रहने कि संभावना है। दो से तीन दिनों बाद फिर से हल्की खंड बारिश होने की भी संभावना है।