उदयपुर में गर्मी अब लोगों को झुलसाने लगी है। सुबह ठंडक रहती है लेकिन 11 बजे बाद गर्मी बढ़ने लगती है और दोपहर तक तो झुलसाने जैसी स्थिति हो जाती है। अभी सुबह 10 बजे उदयपुर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री से. तो सलूंबर में 37 डिग्री से. था। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार- तापमान अभी 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण इसका अहसास 42 डिग्री जैसा हो रहा है। हालात यह हैं कि सुबह 11 बजे के बाद घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बढ़ती गर्मी का असर शहर की व्यस्त सड़कों और पर्यटन स्थलों पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे के बीच मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक में काफी कमी आ रही है, वहीं पर्यटन स्थलों पर भी सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिनभर मौसम शुष्क बना रहा। अधिकतम आर्द्रता 58 प्रतिशत और न्यूनतम 13 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। तापमान में लगातार बढ़ोतरी के साथ गर्मी का असर और तेज होता जा रहा है, जिससे दिन के समय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, फतहसागर झील जैसे हमेशा गुलजार रहने वाले स्थानों पर भी दोपहर के समय सन्नाटा छा गया है। दिन में फतहसागर रोड पर लोगों की आवाजाही बेहद कम देखने को मिली।