उदयपुर शहर के गंगू कुंड स्थित इस्कॉन मंदिर की ओर से निकाली गई भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान दो महिलाओं के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात हो गई। यात्रा गंगू कुंड से रवाना होकर यूनिवर्सिटी रोड स्थित बड़ी पिपली तक पहुंची। इसमें हजारों की संख्या में पुरुष-महिलाएं शामिल थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने दो महिलाओं को निशाना बनाया। समाजसेवी आनंदीलाल ने बताया कि अंजना देवी पुरोहित(60) के गले से सोने की चेन खींच ली गई। उन्हें पता लगा, तब तक बदमाश भीड़ में गायब हो चुके थे। कुछ ही देर बाद बदमाशों ने दूसरी बुजुर्ग महिला लक्ष्मी देवी पालीवाल(75) भी शिकार बनाया। उन्होंने अपने गले में हाथ लगाया तो उनकी सोने की चेन गायब थी। यात्रा में पुलिस सुरक्षा के बीच बेखोफ हुई चेन स्नेचिंग ये घटना प्रतापनगर थाना क्षेत्र की है। महिलाओं ने जब आसपास लोगों को इस घटना के बारे में बताया तो आरोपियों इधर-उधर तलाश किया गया, लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। हैरानी की बात यह है कि रथ यात्रा के दौरान पुलिस जवान भी मौजूद थे। इसके बावजूद लगातार दो चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया गया। इस घटना ने धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इधर, घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। इधर, 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया सेक्टर-7 स्थित जगन्नाथ धाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रथयात्रा के दौरान पुलिस की टीम ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस को इनकी गतिविधियां संदिग्ध लगी थी। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और इनके संबंध में जानकारी जुटा रही है।