उदयपुर में तीन दिन पहले हुए युवक की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से 6-6 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि मामले में एक हिस्ट्रीशीटर सहित तीन अन्य बदमाश अभी भी फरार हैं। फिलहाल घंटाघर थाना पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। तीन दिन पहले 7 अप्रैल को देर रात सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी इलाके में आपसी रंजिश के चलते बदमाशों ने 26 वर्षीय साहिल उर्फ सुहानी पुत्र आरिफ की ताबड़तोड़ चाकुओं से वार कर हत्या कर दी थी। एक आरोपी को मांडल तो दूसरे को भींडर से पकड़ा एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने बताया कि आरोपी आलू फैक्ट्री निवासी गौरव सिंह चौहान उर्फ बिट्टू(32) को भीलवाड़ा के मांडल से दिल्ली भागते समय निजी बस से गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे आरोपी अंबामाता निवासी मोहम्मद सुहान डायर (21) को भींडर से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि गौरव के खिलाफ विभिन्न थानों में बलात्कार, नकबजनी, अपहरण, हत्या का प्रयास, अवैध मादक तस्करी और अवैध हथियार रखने जैसे 6 मामले दर्ज है। वहीं, दूसरे आरोपी मोहम्मद सुहान पर भी डकैती, लूट, चोरी, हत्या का प्रयास और अवैध हथियार रखने के 6 केस दर्ज है। डीएसटी सहित 5 थानों की पुलिस ने की कार्रवाई माममे में डीएसटी सहित, अंबामाता, भूपालपुरा, सुखेर, घंटाघर और प्रतापनगर थाना पुलिस हत्या के आरोपियों को पकड़ने में जुटी थी। पुलिस की टीमों ने राजसमंद, मांगलवाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ और भीलवाड़ा में संभावित ठिकानों पर दबिश दी थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 7 अप्रैल की शाम को जोयेब खान उर्फ अक्कू की जिशान उर्फ हड्डी से कहासुनी हुई थी। जोयेब ने इसकी जानकारी नईम उर्फ नईमुद्दीन को दी। जिस पर नईम और उसके साथी कुंदन ने जिशान को फोन कर कहा कि तुम्हारी अक्कू को धमकाने की हिम्मत कैसे हुई। इस बात को लेकर जिशान और साहिल की नईम और कुंदन से लड़ाई हो गई। नईम और कुंदन अपने अन्य साथियों के साथ 7 अप्रैल को देर रात बिच्छू घाटी पहुंचे। जहां साहिल पर चाकू से हमला कर दिया। जिसके बाद अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई थी। 3 बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस मामले में हिस्ट्रीशीटर नईम उर्फ नईमुद्दीन, हिस्ट्रीशीटर कुंदन और जोयेब खान फरार चल रहे हैं। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है। नईम अंबामाता थाने का हिस्ट्रीशीटर है, इसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में डकैती, हत्या का प्रयास, गंभीर मारपीट, अपहरण और अवैध हथियार रखने जैसे करीब एक दर्जन मामले दर्ज है। हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ डेढ़ दर्जन मामले दर्ज वहीं, भूपालपुरा थाने के हिस्ट्रीशीटर कुंदन के खिलाफ भी लूट, हत्या का प्रयास, अवैध मादक पदार्थ तस्करी, गंभीर मारपीट, नकबजनी और अवैध हथियार रखने जैसे डेढ़ दर्जन मामले दर्ज है। जोयेब खान पर भी मारपीट, अवैध हथियार रखने के 3 मामले दर्ज है। ----------- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… उदयपुर में आपसी रंजिश में युवक की हत्या:देर रात घर जाते समय चाकू से वार कर मार डाला, एमबी हॉस्पिटल में जुटे परिजन-रिश्तेदार उदयपुर शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र के सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी इलाके में देर रात चाकूबाजी की घटना में 26 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सुहानी पुत्र आरिफ के रूप में हुई है। घटना बीती रात करीब 12:30 बजे की है।(पूरी खबर पढ़ें…)