उदयपुर पुलिस ने आमजन और टूरिस्ट की मदद के लिए व्हाट्सएप हेल्पलाइन विद एआई चैटबॉट' की पहल शुरू की है। जिसके जरिए टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर पर अपनी शिकायत मैसेज कर सकता है। उस पर चैटबॉट शिकायतकर्ता से एक इंसान की तरह की बात करेगा और शिकायत की जानकारी नजदीकी पुलिस स्टेशन या कालिका पुलिस पेट्रोलिंग टीम को देगा, जिससे तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। चैटबॉट से टूरिस्ट टेक्स्ट, फोटो, ऑडियो और लाइव लोकेशन भेजकर तत्काल सहायता मांग सकेंगे। सिस्टम पूरी तरह एआई आधारित रियल टाइम डैशबोर्ड से जुड़ा रहेगा। जिस पर जीआईएस मैप के जरिए घटना की सटीक लोकेशन दिखेगी। टूरिस्ट दिए गए नंबर पर कॉन्टेक्ट करके सहायता ले सकेगा उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि इमरजेंसी सर्विस कॉल करने, टूरिस्ट को पर्यटन स्थलों की जानकारी देने, घटना-दुर्घटना में सहायता करने और अस्पताल-पुलिस थानों आदि की जानकारी देने के उद्देश्य से इसकी शुरुआत की है। ये टूरिस्ट से जुड़ने और कम्युनिकेट करने का एक नया सिस्टम है। उदयपुर के लिए ये इसलिए महत्वपूर्ण है कि यहां सालभर देश और विदेश से टूरिस्ट आते हैं। हमारा प्रयास रहता है कि उन्हें एक सुखद-सुरक्षित वातावरण और यादगार अनुभव उपलब्ध कराएं। कई बार लोग दूसरी एजेंसियों का ऐप इस्तेमाल करने से घबराते हैं इसलिए व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर -7300059984 लॉन्च किए हैं। सभी पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई: एसपी एसपी डॉ अमृता दुहन ने बताया कि इस हेल्पलाइन प्रक्रिया को लेकर हमने सभी थानाधिकारी को ट्रेनिंग दे दी है। उनकी जिम्मेदारी तय करते हुए निर्देश दिए हैं कि सूचना मिलते ही पुलिस दल रवाना होकर तुरंत मौके पर पहुंचे। कार्रवाई पूरी करके घटना की डैशबोर्ड पर क्लोज्ड दर्ज करें। वरिष्ठ अधिकारी रियल टाइम मॉनिटरिंग करते हुए इसकी समीक्षा करेंगे। सभी एएसपी, डीएसपी, सीआई, साइबर थाना और मानव तस्करी यूनिट व नियंत्रण कक्ष प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई है।