गर्मियों की छुट्टियों में उदयपुर से यूपी या गुजरात की तरफ जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने एक नई समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है, जो उदयपुर होकर गुजरेगी। यह ट्रेन कल यानी 6 अप्रैल से शुरू हो रही है और 14 जुलाई तक चलेगी। हफ्ते में एक दिन चलने वाली इस ट्रेन से उदयपुर के लोगों को कानपुर और अहमदाबाद (असारवा) आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। कानपुर से आने वाली ट्रेन (01905) हर सोमवार रात 11:45 बजे उदयपुर स्टेशन पहुंचेगी। यहां से रवाना होकर यह अगले दिन मंगलवार सुबह 5:45 बजे असारवा पहुंचा देगी। सुबह-सुबह अहमदाबाद पहुंचने से उन यात्रियों को बड़ा फायदा होगा जो वहां इलाज या बिजनेस के सिलसिले में जाते हैं। साथ ही डूंगरपुर जाने वाले स्थानीय यात्रियों को भी रात के समय एक सीधी ट्रेन मिल जाएगी। वहीं, उदयपुर से कानपुर, इटावा या बूंदी जाने वालों के लिए मंगलवार दोपहर का समय तय किया गया है। ट्रेन नंबर 01906 असारवा से चलकर दोपहर 3:20 बजे उदयपुर आएगी। महज 10 मिनट के स्टॉपेज के बाद दोपहर 3:30 बजे यह कानपुर के लिए रवाना हो जाएगी। यह ट्रेन अगले दिन बुधवार सुबह 7:00 बजे कानपुर पहुंचा देगी। इससे उदयपुर के व्यापारियों और यूपी की तरफ पढ़ाई करने वाले छात्रों को बार-बार ट्रेन बदलने की झंझट से मुक्ति मिलेगी। उदयपुर के आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी यह ट्रेन काफी फायदेमंद है। यह गाड़ी मावली, चंदेरिया, बूंदी और सवाई माधोपुर जैसे स्टेशनों पर भी रुकेगी। यानी उदयपुर शहर के अलावा ग्रामीण इलाकों के यात्री भी मावली या चंदेरिया जाकर इस ट्रेन को पकड़ सकते हैं। इससे चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा जाने वाले यात्रियों को भी एक नया विकल्प मिला है। ट्रेन में भीड़ को देखते हुए कोच की अच्छी व्यवस्था की गई है। इसमें 9 स्लीपर कोच और 5 जनरल डिब्बे लगाए गए हैं, ताकि कम बजट में यात्रा करने वालों को आसानी से जगह मिल सके। वहीं, एसी में सफर करने वालों के लिए भी 3 कोच मौजूद हैं। छुट्टियों के इस सीजन में जब नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, तब इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से उदयपुर के यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।