उदयपुर में मंगलवार को पूरे दिनभर बादलों की आवाजाही के बीच मौसम का मिजाज बदलता रहा, लेकिन शाम तक बारिश नहीं हुई। शहर में सुबह से आसमान पर बादलों का डेरा रहा, लेकिन बीच-बीच में धूप निकलने से लोगों को उमस और राहत दोनों का एहसास हुआ। इससे पहले सोमवार रात झाड़ोल क्षेत्र के ओगणा में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना हो गया। आज(मंगलवार) सुबह करीब 7 बजे पानी की अच्छी आवक होने से ओगणा की वाकल नदी उफान पर चल रही है। इस दौरान भाड़ेर गांव का ओगणा से संपर्क टूट गया। उदयपुर का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट से सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस हुआ। अगले दो दिन में बारिश का अलर्ट मौसम एक्सपर्ट डॉ. आर.एस. देवड़ा बताते है कि दक्षिणी राजस्थान में आने वाले दो दिनों मे वर्षा की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। खंड वर्षा के साथ कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वे बताते है कि 29 जुलाई से सप्ताह भर तक अधिकांश भागों में भारी वर्षा होने की संभावना है। वाकल नदी उफान पर इधर, उदयपुर के झाड़ोल क्षेत्र के ओगणा और आसपास के गांवों में रात भर हल्की और तेज बारिश का दौर चला था। आज सुबह करीब 7 बजे पानी की अच्छी आवक होने से ओगणा की वाकल नदी उफान पर चल रही है। इस दौरान भाड़ेर गांव का ओगणा से संपर्क टूट गया। असल में इस कनेक्टिंग रास्ते पर वाकल नदी पर बना पुलिया नीचे से क्षतिग्रस्त है जिससे यहां पर बड़े वाहनों को बंद कर रखा है। पिछले दिनों यहां पर ​खानापूर्ति करते हुए वैकल्पिक मार्ग बनाया गया था लेकिन नदी में आने आने के बाद वह बंद हो गया और अब वाहनों की आवाजाही बंद हो गई जिससे भाड़ेर का ओगणा से संपर्क कट गया है। ओगणा से इनपुट : दुष्यंत पूर्बिया