उदयपुर शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र के सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी इलाके में देर रात चाकूबाजी की घटना में 26 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल उर्फ सुहानी पुत्र आरिफ के रूप में हुई है। घटना बीती रात करीब 12:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि दो गुटों की आपसी रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई है। ​चाकू से उसके सीने और कमर के नीचे दो वार किए गए। जिससे वह तुरंत जमीन पर गिर गया। खून से लथपथ साहिल को एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, बुधवार सुबह से ही बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग हॉस्पिटल की मोर्चरी में एकत्र हो गए। वे मृतक के परिवार को 25 लाख का मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग कर रहे हैं। मौके पर थाना अधिकारी कर्मवीर सिंह जाब्ते के साथ मौजूद हैं। बाइक लेके पहुंचे, तभी आरोपियों ने किया हमला थाना अधिकारी ने बताया कि सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी निवासी साहिल का ठोकर चौराहा निवासी नईम से विवाद चल रहा था। नईम अपने कुछ साथियों के साथ सिलावटवाड़ी-बिच्छू घाटी पहुंचा। तभी साहिल और जीशान बाइक से अपनी कॉलोनी जा रहे थे। आरोपियों ने मौका पाकर साहिल पर हमला कर दिया। साहिल पर चाकू से दो वार किए। ​जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को एमबी हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। फफक कर रो पड़ी बहन मृतक साहिल की बहन सानिया खान भाई की मौत के बाद फफक कर रो पड़ी। वह रोते हुए बोली-मेरे भाई को उठा दो। फूट-फूटकर रोती बहन को रिश्तेदार संभालते रहे। पुलिस ने मृतक के शव को मोर्चरी रखवाया है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।