उमंग संस्थान ने अपना चौदहवां स्थापना दिवस पर्यावरणीय सरोकारों के साथ मनाया। इस अवसर पर भावी पीढ़ी को प्रकृति सेवा का संदेश देने के लिए श्रमदान, पोस्टर प्रतियोगिता और पक्षी संरक्षण हेतु परिंडा वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाल अधिकारिता विभाग परिसर में सहायक निदेशक हुकम चंद जाजोरिया की उपस्थिति में पक्षियों की जल सेवा के लिए परिंडे लगाए गए। भीषण गर्मी के मौसम में पक्षी संरक्षण के लिए 'एक परिंडा मेरा भी' अभियान की सराहना करते हुए जाजोरिया ने इसके महत्व पर प्रकाश डाला। हुकम चंद जाजोरिया ने कहा कि गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना भारतीय संस्कृति में एक महान पुण्य और परमार्थ का कार्य है। यह न केवल मानवता के नाते एक कर्तव्य है, बल्कि आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है। कार्यक्रम संयोजक कुश जिंदल ने अभियान की जानकारी दी और सभी को अपने आसपास पशु-पक्षियों के लिए दाने-पानी की व्यवस्था करने का संकल्प दिलाया। इस दौरान उमंग संस्थान के समन्वयक कृष्ण कांत राठौर, एजु सेल के प्रभारी राकेश माहेश्वरी, संरक्षण अधिकारी गोविंद कुमार गौतम, कनिष्ठ सहायक सरफराज आलम, कनिष्ठ लेखा सहायक बादल बैरवा, दीपिका वशिष्ठ और बबलू मौजूद रहे। उमंग स्थापना दिवस पर आयोजित गतिविधियों की श्रृंखला में महावीर विद्यालय और एलीट इंटरनेशनल स्कूल में परिंडा वितरण के साथ-साथ पोस्टर प्रतियोगिता, श्रमदान और पौधों की सार-संभाल भी की गई। महावीर विद्यालय में प्रधानाचार्य भावना जिंदल के नेतृत्व में नन्हे छात्र-छात्राओं ने प्रकृति संरक्षण के संदेश वाले चित्र बनाए और परिंडे लगाए। भावना जिंदल ने परिंडे वितरित करते हुए सभी को अपने गली-मोहल्लों और घर की छतों पर मूक पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने का संकल्प दिलवाया। वहीं, एलीट इंटरनेशनल स्कूल में निदेशक मोनिका माहेश्वरी के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने श्रमदान कर पौधों की सार-संभाल की और बगीचे में फैले कचरे को साफ किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने प्राकृतिक और अप्राकृतिक कचरे की छंटाई कर प्राकृतिक कचरे को कंपोस्ट पिट में एकत्र किया। एजु सेल के प्रभारी राकेश माहेश्वरी ने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लेकर नन्हे मुन्ने छात्र छात्राओं ने पृथ्वी दिवस पर अपनी भावनाओं को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। इस दौरान अंजली सुमन, भाविका खत्री, हर्षिता शर्मा, दीपा शर्मा, वैदेही सैनी, आयुषी कंवर, शशिबाला, अनुसूईया, माहेनूर, रूबी सहित सभी सदस्य मौजूद रहे। संस्थान सचिव डॉ सर्वेश तिवारी ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला में पर्यावरण संरक्षण पर विविध गतिविधियों का आयोजन सप्ताह भर किया जाएगा। अध्यक्ष डॉ सविता लौरी ने स्थापना दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित की एवं विविध सफल आयोजनों पर आभार प्रकट किया।