अलवर जिले के उमरैण क्षेत्र में जमीन के पुराने विवाद के चलते खेत में काम कर रहे एक युवक और उसके चाचा पर तलवारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल पक्ष का आरोप है कि हमला करने वालों में भाजपा मंडल अध्यक्ष के भाई भी शामिल हैं। उनके चाचा-ताऊ के परिवार के लोगों के बीच झगड़ा है। दादा के समय हो चुका था बंटवारा, अब अदला-बदली का दबाव अस्पताल में भर्ती घायल हिमांशु गुर्जर (निवासी उमरैण) ने बताया कि यह पूरा मामला एक ही परिवार का है। उनके बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। हिमांशु के अनुसार, उनके दादा के समय ही जमीन का आधा-आधा बंटवारा हो चुका था। लेकिन अब दूसरा पक्ष जबरन जमीन की अदला-बदली करने का दबाव बना रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही है। खेत में काम करते समय तलवारों से किया हमला पीड़ित ने बताया कि वह अपने चाचा के साथ खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान गोपाल पटेल और नेपाल पटेल अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और अचानक तलवारों से हमला कर दिया। हमले में हिमांशु के पैर में गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप: भाजपा नेता का भाई है आरोपी घायल पक्ष ने आरोप लगाया कि हमलावर गोपाल पटेल भाजपा से जुड़े हैं और उनके भाई सतीश पटेल भाजपा के उमरैण मंडल अध्यक्ष हैं। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा समय पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस जांच में जुटी वारदात के बाद घायल हिमांशु को तुरंत अलवर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के बाद से क्षेत्र में माहौल गरमाया हुआ है। इधर, पुलिस ने मामले जांच शुरू कर दी है।