भास्कर संवाददाता | पाली प्रदूषण के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई को लेकर जिला स्तर पर गठित विजिलेंस टीम ने मंडिया रोड औद्योगिक क्षेत्र की 9 फैक्ट्रियों में अनियमिताएं पकड़ी। विजिलेंस ने 9 और रीको ने 56 फैक्ट्री संचालकों को नोटिस जारी किए हैं। सुप्रीम कोर्ट व एनजीटी के आदेशों व उच्च स्तरीय पारिस्थितिकी तंत्र निरीक्षण समिति की अनुपालना में जिला स्तर पर गठित विजिलेंस टीम ने शुक्रवार रात को निरीक्षण किया था। प्रदूषण नियंत्रण मण्डल के क्षेत्रीय अधिकारी अमित सोनी ने बताया कि प्लॉट नं. एफ-35A, मंडिया रोड औद्योगिक क्षेत्र पाली के बाहर सीईटीपी कंडक्ट पाइपलाइन लीक होने के कारण पानी सड़क पर पाया गया। सीईटीपी फाउंडेशन को पत्र लिखकर पाइपलाइन को ठीक करने के लिए निर्देशित दिए। रीको ने सूरज किरण,महावीर प्रोसेस, आनंद टेक्सटाइल,मां अंबे फेल्ट, मांगीलाल एंड महेंद्र कुमार,गोविंद फेल्ट, वर्धमान इंडस्ट्रीज,श्री राजाराम प्रोसेस एवं सुदर्शन टेक्सटाइल इंडस्ट्रीज द्वारा की जा रही अवहेलना के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नगर निगम ने 6 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया : नगर निगम के आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि आवासीय क्षेत्र में चलने वाली अवैध औद्योगिक इकाइयों के चिन्हीकरण के लिए कनिष्ठ अभियंता, स्वच्छता निरीक्षक, जमादार को शामिल करते हुए सर्वे दल बनाए गए हैं। सर्वे दल अब तक 12 औद्योगिक इकाइयों को सीज कर चुका है। पांच के ढांचे को तोड़ दिया है। 9 औद्योगिक इकाइयों के बिजली कनेक्शन काट दिए हैं। 7 के खिलाफ एसडीएम कोर्ट में बीएनएस की धारा 152 में इस्तगासा प्रस्तुत किया है। अब 10 के खिलाफ इस्तगासा प्रस्तुत करेंगे।