जिले में मतदाता जागरूकता के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। जिला स्वीप के तहत 'लोक संस्कृति के रंग, मतदान के संग' थीम पर ये आयोजन सरकारी और निजी स्कूलों-कॉलेजों में हुए। इनमें विद्यार्थियों और युवाओं ने पारंपरिक कलाओं से लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने लोकगीतों, नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मतदान का महत्व बताया। उन्होंने समझाया कि वोट डालना सिर्फ अधिकार नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी से निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की गई। इन आयोजनों से स्थानीय लोक संस्कृति को बढ़ावा मिला। साथ ही युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों और चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की गई। जिला स्वीप अधिकारी धन दान देथा के निर्देश पर जिले में रोज अलग-अलग थीम पर जागरूकता गतिविधियां हो रही हैं। इसी कड़ी में लोक संस्कृति का इस्तेमाल कर विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 776 मतदान केंद्रों के लिए 2021 बैलेट यूनिट और 1012 कंट्रोल यूनिट आवंटित ब्यावर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के 2026 के आम चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना की देखरेख में ईवीएम मशीनों का पहला रेंडमाइजेशन हुआ। यह प्रक्रिया कलेक्ट्रेट सभागार में पूरी की गई। राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर के निर्देश पर जिले की सात पंचायत समितियों में तीसरे और चौथे चरण के मतदान के लिए ईवीएम मशीनें बांटी गईं। इनमें जवाजा, नरबदखेड़ा, रायपुर, जैतारण, रास, बदनोर और मसूदा पंचायत समितियां शामिल हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुल 776 मतदान केंद्रों के लिए 2021 बैलेट यूनिट और 1012 कंट्रोल यूनिट दी गई हैं। यह काम चुनाव प्रक्रिया को सही तरीके से चलाने के लिए किया गया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट, तहसीलदार निर्वाचन, अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।