भास्कर न्यूज | बारां जिलेभर में पिछले दिनों से मानसून सुस्त बना हुआ है। खरीफ फसलों को लेकर जहां किसान चिंतित हैं वहीं गर्मी व उमस से बेहाल लोगों को भी अच्छी बारिश का इंतजार है। ऐसे में गांवों के साथ अब शहर मंे भी इंद्रदेव को मनाने के जतन शुरू हो गए हैं। बारिश की कामना को लेकर रविवार को शहर में श्रीजी चौक से घांसभैरू जी की सवारी शुरू हुई। घांसभैरूजी को लोगो ने रस्सी से खींचा। लोगो ने घांसभैरूजी की पूजा-अर्चना करके अच्छी बारिश की कामना की। शहर के समीप नलका व मेलखेड़ी छापर में भी घांसभैरू जी की सवारी निकाली गई। मौसम केंद्र जयपुर निदेशक डॉ. राधेश्याम शर्मा ने बताया कि आगामी दिनों में बारां समेत प्रदेश के कुछ भागों में मानसून सक्रिय होने की संभावना है। रविवार को पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होकर परिसंचरण तंत्र में परिवर्तित हो चुका है। बारां समेत कोटा संभाग के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में 20-21 जुलाई से बढ़ोतरी होने की संभावना है। आगामी दिनों के लिए बारां में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।