श्रीगंगानगर| क्षेत्र में बीते 24 घंटों के दौरान आंधी के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश से मौसम में एकाएक बदलाव आया। इससे आमजन को हीट वेव से राहत मिली। अधिकतम तापमान में भी 2.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। आगामी तीन-चार दिन ऐसा ही मौसम बना रहने का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। क्षेत्र में बीती रात 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली। अलग-अलग क्षेत्रों में बूंदाबांदी/हल्की बारिश हुई। मंगलवार को सुबह से दोपहर तक धूप खिली रही। गर्मी का प्रभाव रहा। इसके बाद आसमान में काले बादलों का आवागमन शुरू हुआ। इससे आमजन को गर्मी से राहत मिली। शाम को ठंडी हवाएं चलीं। मौसम सुहावना बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान गत दिवस से 2.3 डिग्री घटकर 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान गत दिवस से 1.2 डिग्री सेल्सियस घटकर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन दिनों मंडियों में कृषि जिंसों की आवक का सीजन है। इन दिनों मंडियों में गेहूं की बंपर आवक हो रही है। मंडियां गेहूं से अटी पड़ी हैं। इसके अलावा सरसों, जौ व चने की भी आवक हो रही है। मंडियों में खुले आसमान के नीचे किसानों की कृषि जिंसों की ढेरियां पड़ी हैं। ऐसे में किसानों व व्यापारियों को बारिश से कृषि जिंसें भीगने की चिंता सता रही है। खराब मौसम के चलते मंडियों में कृषि जिंसों की आवक मंगलवार को भी कम रही।