कोटा शहर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 यानी महिला आरक्षण बिल को शीघ्र लागू कराने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस ने शनिवार को पोस्टकार्ड अभियान चलाया। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा और प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह के निर्देश पर शहर जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत महिलाओं ने प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखकर महिला आरक्षण बिल को तुरंत लागू करने की मांग उठाई। इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी भी की। महिलाओं ने “आधी आबादी, पूरा हक”, “महिला आरक्षण लागू करो—आज करो, अभी करो” और “अब नहीं तो कभी नहीं” जैसे नारे लगाए। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर महिला आरक्षण बिल को टाल रही है, जो देश की आधी आबादी के अधिकारों के साथ अन्याय है। उनका कहना था कि महिलाओं को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि उनका संवैधानिक अधिकार चाहिए। जिलाध्यक्ष शालिनी गौतम ने कहा कि महिलाओं को लंबे समय तक नजरअंदाज करना अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिला आरक्षण बिल लागू करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि इसमें और देरी की गई तो महिला कांग्रेस सड़कों से लेकर संसद तक आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब चुप नहीं बैठेंगी और अपना हक लेकर रहेंगी। कार्यक्रम में शगुफ्ता पठान, लक्ष्मी वर्मा, शशि प्रभा, नसरीन खानम, विमला मीणा, संतोष शर्मा, पूजा नागरवाल, शबनम खान, शबनम अंसारी, अलिना पठान और विमला बाई सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि महिला आरक्षण बिल लागू होने तक आंदोलन जारी रहेगा।