जालोर पहुंचीं कांग्रेस की जिला प्रभारी सुमन यादव ने कहा- 30 अप्रैल तक जिले की बूथ स्तर तक की सभी नियुक्तियां कर दी जाएंगी। संगठन को मजबूत किया जाएगा। पद लेकर निष्क्रिय बैठे पदाधिकारियों को हटाएंगे। उनकी जगह मेहनत करने वाले कार्यकर्ता को वरीयता दी जाएगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जालोर शाखा की बैठक शुक्रवार को राजीव गांधी भवन में हुई। जिले में संगठन बढ़ाओ-लोकतंत्र बचाओ अभियान को लेकर हुई बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। सरकार पर चुनाव टालने का आरोप सुमन यादव ने भाजपा पर नगर निकाय व पंचायती राज चुनावों को जानबूझकर टालने का आरोप लगाया। सह-प्रभारी दिलीप चौधरी और जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल ने भी संबोधित किया। रमिला मेघवाल ने कहा- भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं में प्रशासक नियुक्त कर दमनकारी नीति अपना रही है। पूर्व मंत्री पुखराज पाराशर ने कहा- भाजपा सरकार जनहितकारी कार्यों को रोक रही है और महिला आरक्षण पर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। प्रेस-वार्ता कर भाजपा पर लगाए आरोप बैठक के बाद दोपहर 3 बजे प्रेस वार्ता हुई। इसमें प्रभारी सुमन यादव ने कहा- महिला आरक्षण को जनगणना-परिसीमन की शर्तों में उलझाया गया। यह भाजपा की साजिश थी। इस दौरान पूर्व प्रधान डॉ. शमशेर अली, लाल सिंह धानपुर सहित जिले के प्रमुख पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने किया।