बॉलीवुड एक्ट्रेस यामी गौतम धर गुरुवार को अपनी अपकमिंग फिल्म ‘नई नवेली’ के प्रमोशन के लिए जयपुर पहुंचीं। वे लखनऊ से जयपुर आईं और एयरपोर्ट से सीधे होटल के लिए रवाना हो गईं। फिल्म की रिलीज से ठीक पहले यामी जयपुर में दर्शकों के बीच अपनी फिल्म का प्रचार करेंगी। रात को उनका राजमंदिर सिनेमा में पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वे फिल्म को प्रमोट करेंगी। दशहरा के मौके पर 16 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर यामी इन दिनों प्रमोशनल गतिविधियों में जुटी हैं। यामी ने एयरपोर्ट पर कहा कि जयपुर से पुराना जुड़ाव है। इस फिल्म को लेकर खास उम्मीदें है, नई कहानी और नया किरदार लोगों के सामने होगा। इसके लिए बहुत मेहनत की है। अब यह रिलीज हो रही है, इस लिए यह खास पल है। यामी गौतम धर अपनी फिल्मों में अलग-अलग तरह के किरदार निभाने के लिए जानी जाती हैं। ‘नई नवेली’ में भी वे एक बिल्कुल अलग दुनिया और किरदार के साथ दर्शकों के सामने आने वाली हैं। फिल्म को भारतीय परिवेश में रची गई फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर बताया जा रहा है, जिसमें हास्य, रोमांच, एक्शन और पारिवारिक रिश्तों का मेल देखने को मिलेगा। रिलीज से पहले प्रमोशन पर फोकस ‘नई नवेली’ की रिलीज से पहले यामी देश के अलग-अलग शहरों में फिल्म का प्रचार कर रही हैं। इसी सिलसिले में वे जयपुर पहुंची हैं। राजमंदिर में होने वाला प्रमोशनल कार्यक्रम खास माना जा रहा है, क्योंकि यह सिनेमा हॉल अपनी भव्य वास्तुकला और फिल्मों के यादगार अनुभव के लिए देशभर में पहचान रखता है। जयपुर में फिल्म के प्रचार के जरिए मेकर्स की कोशिश स्थानीय दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ाने की है। हाल ही में यामी ने अयोध्या पहुंचकर भगवान राम के दर्शन किए थे। इसके बाद जयपुर का उनका दौरा फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले को आगे बढ़ाएगा। यामी अपने सहज अभिनय और फिल्मों के चयन को लेकर चर्चा में रहती हैं। ऐसे में ‘नई नवेली’ में उनका नया अंदाज देखने के लिए दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई है। बालाजी मोहन ने किया है निर्देशन फिल्म ‘नई नवेली’ का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म में यामी गौतम धर के साथ आदिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने किया है, जबकि इसका संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है।