अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर योग शिक्षक ललित मेघवाल को योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, जन जागरूकता और पिछले लगभग 10 सालों से निःस्वार्थ सेवा के लिए राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान अखिल भारतीय योग शिक्षक महासंघ (ABYOGASMS Foundation) ने आयुष मंत्रालय, भारत सरकार और मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (MDNIY), नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग" (Yoga for Healthy Ageing) रही। कार्यक्रम में महासंघ ने ललित मेघवाल के योग के प्रचार-प्रसार, जन जागरूकता, निःस्वार्थ सेवा और समाज में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की गई। 10 सालों से निःशुल्क योग सेवा ललित मेघवाल ने बताया कि वे पिछले लगभग 10 सालों से स्कूलों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और विभिन्न संगठनों में निःशुल्क दो दिवसीय योग कार्यशालाओं का आयोजन कर रहे हैं। उनका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "हर घर योग, घर-घर योग" संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ना है। योग को बताया स्वस्थ जीवन का आधार सम्मान प्राप्त करने के बाद ललित मेघवाल ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की वैज्ञानिक एवं प्राचीन भारतीय जीवनशैली है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग अपनाने और अपने परिवार व समाज को स्वस्थ बनाने का आह्वान किया। जन जागरूकता का अभियान रहेगा जारी मेघवाल ने कहा कि वे आगे भी योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए योग के प्रचार-प्रसार और जनसेवा के कार्य को निरंतर जारी रखेंगे। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में शिक्षक रताराम मीणा, शंकर लाल, सूरज देवासी, रेखा मीणा, दिनेश मीणा, प्रवीण प्रजापत सहित योग प्रशिक्षक कल्पेश आर्य (शिवगंज), वंदना गर्ग (शिवगंज), नरेश मीणा (पोसालिया), बाबू लाल, मदन लाल, संतोष, संगीता तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।