भास्कर न्यूज | झुंझुनूं सरकारी स्कूल से 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी कर अब सरकारी या निजी कॉलेज में स्नातक प्रथम वर्ष में नियमित अध्ययन कर रही छात्राओं के लिए अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की छात्रवृत्ति का लाभ लेने का मौका है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से राजस्थान के सभी सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में अध्ययनरत नियमित छात्राओं को कॉलेज शिक्षा जारी रखने में आर्थिक मदद के लिए हर साल 30 हजार की छात्रवृत्ति दी जाएगी। यह छात्रवृत्ति अध्ययन की संपूर्ण अवधि के लिए प्रदान की जाएगी। इस छात्रवृत्ति के लिए वही छात्राएं पात्र होंगी, जिन्होंने 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की पढ़ाई सरकारी स्कूल से नियमित छात्रा के रूप में पूरी की हो। खास बात यह है कि छात्रवृत्ति के लिए आय या जाति की कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। पात्र छात्राएं अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन कर छात्रवृत्ति का लाभ उठा सकती हैं। आवेदन के लिए छात्राओं के पास पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, आधार कार्ड, बैंक खाता पासबुक, 10वीं एवं 12वीं की मूल अंक तालिका तथा कॉलेज में प्रवेश का प्रमाण-पत्र होना आवश्यक है। झुंझुनूं | आंशिक बादलों की आवाजाही के साथ रविवार को धूप की तपन तेज रही। वातावरण में नमी रहने से दिन में उमस की गर्मी रही। हवा में परिवर्तन होने से दिन के तापमान में आधा डिग्री की गिरावट हुई, लेकिन तापमान 38 डिग्री के पास ही बना रहा। पिलानी मौसम केंद्र पर रविवार को अधिकतम 37.7 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री दर्ज किया गया। आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तीन सितंबर से बादलों की आवाजाही के साथ कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है।