शहर के जयपुर रोड पर शनिवार तड़के दो इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में भीषण आग लग गई। आग में करीब 40 इलेक्ट्रिक स्कूटी, बाइक और ऑटो जलकर राख हो गए। आग सबसे पहले भैरोंसिंह शेखावत के बीएस ऑटोमोबाइल शोरूम में लगी और पास स्थित बच्चन मोटर्स तक फैल गई। प्लास्टिक-रबर के हिस्सों के कारण आग तेजी से फैली। आग बुझाने के लिए सीकर सहित नवलगढ़, खाटूश्यामजी, फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ से 10 दमकलें मौके पर पहुंचीं। 15 से अधिक दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की लपटें पास स्थित हुंडई के ऑटो पार्ट्स शोरूम तक भी पहुंचीं, जिससे स्पेयर पार्ट्स, एसी और अन्य सामान जल गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। नोटिस के बाद भी नहीं ली थी फायर एनओसी अग्निशमन विभाग ने शोरूम संचालक को फायर एनओसी लेने के लिए करीब दो महीने पहले नोटिस दिया था, लेकिन अब तक एनओसी नहीं ली गई। अग्निशमन अधिकारी लोकेश गोठवाल ने बताया कि टीम शोरूम में लगे अग्निशमन उपकरणों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक और भीड़भाड़ वाले भवनों में आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम जरूरी हैं। आग में करीब 3.50 करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान है।