एसीबी टीम ने सोमवार को जेवीवीएनएल के रामगंज सब स्टेशन पद पदस्थापित कनिष्ठ अभियंता (जेईएन) मनोज कुमार को 3 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने आवासीय कनेक्शन का लोड बढ़ाने की एवज में 14 अगस्त को ​परिवादी से 5 हजार रुपए घूस मांगी थी। बाद में तीन हजार लेने के लिए सहमत हो गया। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि सोलर रिधम एनर्जी सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ में शिकायत दर्ज कराई थी कि कंपनी के ग्राहक के घर पर 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाया जाना था। इसके लिए विद्युत विभाग से कनेक्शन की लोड क्षमता बढ़वानी थी। एसीबी जयपुर रेंज के डीआईजी ओम प्रकाश मीणा ने बताया कि सत्यापन सही पाए जाने पर पुलिस निरीक्षक रामजी लाल की टीम ने सोमवार को जाल बिछाया। परिवादी ने आरोपी जेईएन मनोज कुमार को 3 हजार रुपए थमाए, एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में विभाग के अन्य कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।